17- दीपावली पर्व के मौके पर दिवानी तिराहे पर सजा मकान।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। प्रकाश का पर्व दीपावली रविवार को जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शाम होते ही शहर से लेकर गांव दीपों से जगमगा उठा। आतिशबाजी से पूरा क्षेत्र देर रात तक गूंजता रहा। पटाखे, फुलझड़ी से आसमान जगमगा उठा। त्योहार को देखते हुए लोगों ने अपने-अपने घरों व प्रतिष्ठानों में धन की देवी मां लक्ष्मी व बुद्धि के देवता भगवान गणेश की पूजा अर्चना की। घरों को मिट्टी के बने दीया व मोमबत्ती से रोशन किया। धन की देवी मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए घर के सामने आकर्षक रंगोली सजाकर माता लक्ष्मी का आह्वान किया। ग्रामीण इलाकों में तो खेत -खलिहान में भी दीए जलाकर धन-धान्य के लिए प्रार्थना की गई। धन की देवी लक्ष्मी की पूजा करने के लिए मकान से लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठान तक सजाए गए। वैदिक मंत्रों के बीच लोगों ने मां लक्ष्मी के साथ ही गणेश व रिद्धि-सिद्धि की पूजा कर संपन्नता की कामना की। दीपावली हम सभी को तमसो मां ज्योर्तिग्मय का संदेश देती है। इस दिन जलाए जाने वाले दीए हम सभी को अंधकार से प्रकाश की तरफ ले जाने का संदेश देते हैं। इसी भाव से देवी देवताओं को दीप अर्पित किया गया। घरों प्रतिष्ठानों और देव स्थलों को फूलों की माला से सजाया गया। प्रतिष्ठानों में तो सुबह से सजाने का सिलसिला शुरू हो गया। ग्रामीम इलाकों में भी सुबह से ही घरों में साफ सफाई का सिलसिला शुरू हो गया।