अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में डीएम को पत्रक सौंपने पहुंचे प्राथमिक शिक्षक संघ के शिक्षक।
गर्मी की छुट्टी में भी मिड डे मील योजना चालू रखने के विरोध में शिक्षक मुखर हो गए हैं। सोमवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के दोनों गुटों ने डीएम को पत्रक देकर मांग किया कि अगर योजना को चलवाना ही है तो उन्हें इससे दूर रखा जाए।
किसी कार्यदायी संस्था से योजना का संचालन करवाया जाए। प्राथमिक शिक्षक संघ के दर्जनों की संख्या में शिक्षक सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां अपनी मांग के समर्थन में आवाज बुलंद की।
जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्रक में शिक्षकों ने कहा है कि सूखा को देखते हुए सरकार ने भले ही स्कूलों में छुट्टी में भी बच्चों को खाना खिलवाने की योजना बनाई पर पर ज्यादा संभावना है कि इस फैसले से ग्राम प्रधानों को ही लाभ होगा।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि अगर सरकार की मंसा यही है तो किसी कार्यदायी संस्था को इसकी जिम्मेदारी दे दी जाए। शिक्षकों को इससे मुक्त रखा जाए। डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने उनकी बात शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया। इस मौके पर अरविंद शुकल, अमित सिंह, लालसाहब यादव, रविचंद्र , सरोज सिंह आदि रहे।