जौनपुर। रंगभरी एकादशी के बाद से होली को लेकर बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। कपड़ा, सौंदर्य प्रसाधन से लेकर अन्य सामानों की दुकानों पर लोग ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं तो रंग, अबीर, गुलाल, पिचकारी और तरह-तरह के मुखौटों की खरीदारी भी जोरों पर है। कोरोना के असर में शुरुआत में बाजार में थोड़ी सुस्ती थी, लेकिन अब त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी है।
होली में अब तीन दिन शेष रह गए हैं। शहर से लेकर गांव तक होलिका पहले ही स्थापित की जा चुकी है। गुरुवार को रंगभरी एकादशी के साथ होली का उल्लास चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को बाजारों में भीड़ नजर आई। शहर के ओलंदगंज, चहारसू, कोतवाली, जेसीज सहित अन्य प्रमुख बाजारों में खरीदारी डटे रहे।
लोगों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के छूट और उपहार योजनाएं भी दुकानों पर लागू की गई है। इससे भी लोगों का उत्साह बढ़ा है। पहले होली पर सिलवाए गए कपड़ों की अधिक पूछ होती थी, मगर अब रेडिमेड कपड़ों की ओर युवाओं का रुझान बढ़ा है। जिंस पैंट, शर्ट और टी-शर्ट के साथ जूता के अलग-अलग कलेक्शन की खरीदारी में युवा वर्ग मशगूल है। उधर, महिलाएं सौंदर्य प्रसाधन के सामानों की खरीदारी में तल्लीन हैं। मेहमानों के स्वागत के लिए घर पर गुझिया, मिठाई बनाने के लिए मेवा, मावा आदि की भी खरीद हो रही है। बच्चों का उत्साह रंग, अबीर, गुलाल और पिचकारी की दुकानों पर देखा जा रहा है। बाजार में पिचकारी 10 रूपये से लेकर 400 रूपये, गुलाल 45 से लेकर 60 रूपये, मुखौटे 5 से 50 रूपए में बिक्री हो रही है। हालांकि दुकानदारों का कहना है कि पूर्व के वर्षों की अपेक्षा इस बार बिक्री कम है। चीन से पिचकारी और अन्य सामान नहीं आ पाए हैं, इस कारण महंगाई है। पुराने स्टॉक का ही सहारा लिया जा रहा है।
ग्राहकों के लिए राहत, टली बैंककर्मियों की हड़ताल
जौनपुर। वेतन, पेंशन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी कई महीनों से आंदोलित हैं। फरवरी में दो दिनों तक हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया था। मार्च में 11 से 13 तारीख तक हड़ताल का संघ ने एलान किया था। इसके बाद 14 और 15 को अवकाश है, जबकि 10 को होली की छुट्टी है। कई दिनों से सोशल मीडिया में लंबे हड़ताल की खबरें वायरल हो रही थीं। लेकिन ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है कि बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल जनहित में स्थगित कर दिया हैं। बैंक इंम्लाइज यूनियन के अध्यक्ष देवांश सिंह ने बताया कि होली त्योहार को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने हड़ताल को कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। सिर्फ सावर्जनिक अवकाश के दिन ही बैंक बंद रहेंगे।
होली पर आने लगी अवैध शराब की खेप
जौनपुर। होली पर शराब की खपत बढ़ जाती है। शौकीन कई दिन पहले से ही इसकी खरीदारी कर स्टॉक रख लेते हैं। डिमांड को देखते हुए अवैध शराब के कारोबारी भी सक्रिय हो गए हैं। बाहर से बड़ी मात्रा में अवैध शराब मंगाई जा रही है तो मिलावटी शराब बनाने वालों ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। ईंट भट्ठों पर कच्ची शराब की भट्ठियों तेजी से धधकने लगी है। जिम्मेदार इससे बेखबर बने हुए हैं। पिछले कुछ दिनों में पुलिस ने बदलापुर, केराकत व अन्य क्षेत्रों में छापा मार कर भारी मात्रा में शराब की बरामदगी भी की है। इससे भी यह स्पष्ट हो चुका है कि होली पर अवैध शराब खपाने की कोशिश जोरों पर है। आबकारी विभाग की ओर से अब तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
होली के लिए बाजार में सजी रंग-अबीर, पिचकारी की दुकान।- फोटो : JAUNPUR
होली के लिए बाजार में सजी रंग-अबीर, पिचकारी की दुकान।- फोटो : JAUNPUR
होली के लिए बाजार में सजी रंग-अबीर, पिचकारी की दुकान।- फोटो : JAUNPUR