04- पुरानी बाजार स्थित जलाल खां के रौजे पर युवक की गोली मारकर हत्या की सूचना के बाद मौके पर जांच पड़त
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी बाजार इलाके में मंगलवार की दोपहर एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके सीने में तीन गोलियां लगी हैं। मौके से एक कारतूस भी मिला है। घटना के पीछे एक दिन पूर्व हुआ विवाद बताया जा रहा है। मृतक प्रापर्टी डीलिंग का भी काम करता था। पुलिस छानबीन में जुटी है।
पुरानी बाजार मुहल्ला निवासी अजीजुल्ला उर्फ जुल्ला कुरैशी (42) मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से निकला था। दोपहर करीब सवा 12 बजे गोपालापुर चितरसारी स्थित रौजा जमाल खां के मकबरा के पास गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो अजीजुल्ला का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसके सीने में तीन गोलियां लगी थी। खबर लगते ही परिवार के लोग भी पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अशोक कुमार, सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह, नगर कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से एक कारतूस भी बरामद किया। पंचनामा कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का आरोप है कि सोमवार को सुबह कुछ लोग मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को पीट रहे थे। जिसे देख अजीजुल्ला बचाव के लिए पहुंचे तो पिटाई करने वालों ने उन्हें धमकी दी थी। वह प्रापर्टी डीलिंग का भी काम करता था। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन में जुटी है। एसपी अशोक कुमार का कहना है कि मृतक के खिलाफ कोतवाली थाने में कई मुकदमे दर्ज थे। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी था। हत्या किसने और क्यों की इसका पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है। घटना का शीघ्र खुलासा कर हत्यारों की गिरफ्तारी का निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया गया है।