जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉपरों का सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कुल 33 मेधावियों को प्रशस्ति पत्र देकर शुभकामनाएं दीं।
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2023 में प्रदेश और जिलास्तर पर टॉप-10 मेधावी छात्राओं को डीएम ने एक लक्ष्य बनाकर के तैयारी करने तथा कड़ी मेहनत से पढ़ाई करने का सुझाव दिया। कहा कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं होता है। जनपद में हाईस्कूल की परीक्षा में नौ छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में अपना स्थान बनाया तथा इंटरमीडिएट की दो छात्राओं ने प्रदेश की टॉप टेन सूची में स्थान प्राप्त किया। जिला स्तर की टॉप 10 सूची में हाईस्कूल के 20 एवं इंटरमीडिएट के 13 छात्राओं ने स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर हाईस्कूल के पीयूष सिंह एवं जेली मौर्या इंटरमीडिएट के रवि और मुस्कान यादव ने अपने विचार व्यक्त किए। सम्मान समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर धर्मेंद्र शर्मा, माध्यमिक शिक्षक संघ के रमेश सिंह, सुधाकर सिंह, संतोष सिंह, धर्मेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।