जौनपुर। हाईस्कूल की इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा 27 अगस्त को कराई जाएगी। परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं। केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती करते हुए उन्हें परीक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। परीक्षार्थियों को तय समय से 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। डीआईओएस नरेंद्र देव ने बताया कि हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा सुबह 8 से सवा 11 बजे तक और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा दूसरी पाली में 2 से सवा 5 बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा के लिए राजकीय बालिका इंटर कालेज और रजा डीएम शिया इंटर कॉलेज केंद्र बनाया गया है। केंद्र पर परीक्षार्थी, केंद्र व्यवस्थापक, अध्यापक एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। केंद्र व्यवस्थापक को व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।परीक्षा कक्ष के भीतर परीक्षार्थियों को मोबाइल अथवा किसी भी प्रकार के अन्य इलेक्ट्रानिक्स उपकरण ले जाना वर्जित रहेगा। परीक्षा अवधि में कक्षों में वाइस रिकार्डर युक्त सीसी टीवी कैमरे एवं राउटर आदि पूर्णतया क्रियाशील रहेंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों के रख-रखाव की व्यवस्था मुख्य परीक्षा की भांति रहेगी। डबल लाक युक्त आलमारी में ही पेपर रखे जाएंगे। प्रश्न पत्र सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं सह केंद्र व्यवस्थापक के समक्ष सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में खोला जाएगा। परीक्षार्थी परिषद की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर अथवा पंजीकृत विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क कर अपना प्रवेशपत्र प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना जरूरी है।