सावन माह में कावड़ियों की सुविधाओं को देखते हुए जौनपुर पुलिस की तरफ से विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। वाराणसी से आने वाले भारी वाहनों को हौज स्थित टोल बूथ से शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वाहन सीधे हाईवे से होते हुए पकड़ी पुल से नीचे उतरकर शहर के अंदर से होकर आजमगढ़ जाएंगे।
जिला मुख्यालय से हौज 12 किमी की दूरी पर है। अभी तक आजमगढ़ जाने वाले भारी वाहन शहर में प्रवेश करते हुए वाजिदपुर, जेसीज चौराहा होते हुए जाते थे। नई व्यवस्था के तहत अब भारी वाहनों में ट्रक व अन्य वाहन हौज से पकड़ी चौराहा होते हुए नीचे उतर जाएंगे। इसके बाद प्रयागराज वाले मार्ग से शहर के अंदर प्रवेश करते हुए पालीटेक्निक चौराहा, वाजिदपुर, जेसीज चौराहा से आजमगढ़ की तरफ चले जाएंगे। हौज से पकड़ी तक की भी दूरी करीब 12 किमी होगी। वहां से अंदर प्रवेश करने में करीब सात किमी और लगेगा। इसका मतलब ट्रक चालकों को सात किमी अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ेगी। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शहर बृजेश कुमार ने बताया कि भारी वाहन जैसे ट्रक, ट्रेलर आदि को हौज से शहर में नहीं उतरने दिया जाएगा। यह टोल बूथ से सीधे पकड़ी पुल से बाएं होकर आजमगढ़ जाएंगे। यह कावड़ियों की पैदल यात्रा को देखते हुए निर्णय लिया गया है।