फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: भारी बारिश से गिरा मकान, तेज हवा से खंभा गिरने से 30 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित

विज्ञापन
गिरधरपुर गांव में ढहा मकान। संवाद
विज्ञापन
जौनपुर। जिले भर में दो दिन में 35.15 मिलीमीटर बारिश हुई। यह इस महीने में औसत से ज्यादा बारिश है। दो दिन से बारिश के कारण थानागद्दी विद्युत वितरण उपखंड से जुड़े 30 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई और आपूर्ति ठप रही।
विज्ञापन

उधर, तेज हवा के साथ बारिश होने के कारण एक जगह बिजली का खंभा गिर गया और एक जगह जंफर उड़ने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। एक जगह मकान गिर गया। इससे मासूम समेत दो लोग घायल हो गए।
जिले भर में अक्टूबर में 33.1 मिलीमीटर औसत बारिश मानक है। इसकी तुलना में दो दिन में ही 35.15 मिलीमीटर बारिश हो गई। दो अक्तूबर को 3.1 मिलीमीटर और तीन अक्तूबर को 32.05 मिलीमीटर बारिश हुई। यह बारिश फसलों के लिए लाभदायक बताई जा रही है।
विज्ञापन

विद्युत वितरण उपखंड थानागद्दी जिले का सबसे बड़ा उपखंड है। लगातार दो दिन से हो रही बारिश के कारण आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। शुक्रवार की रात से 30 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। शनिवार को भी कई जगह बिजली बहाल नहीं की जा सकी। शुक्रवार की शाम तेज बारिश के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात तक हो हल्ला मचने पर बिजली कर्मी गड़बड़ी दूर करने के लिए क्षेत्र में निकले। देर रात तक 11 हजार और 33 हजार वोल्ट के खंभों में पैदा हुई गड़बड़ी दूर करने के बाद कुछ जगहों पर आपूर्ति बहाल हुई। थानागद्दी से रतनुपुर भैंसा गांव तक 30 से ज्यादा गांव रात भर अंधेरे में रहे। शनिवार को शाम तक क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट के खंभों पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। एसडीओ अपना मोबाइल बंद करके बैठे रहे। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता आशीष चौहान ने बताया कि रात में बारिश की वजह से 11 केवीए, 33 केवीए की लाइनों में कई जगह गड़बड़ी पैदा हो गई थी। रात से ही गड़बड़ी दूर की जा रही है। क्रमवार आपूर्ति बहाल की जा रही है।
उधर, बारिश के कारण जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया। बरईपार बाजार में जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। तेजीबाजार में भी सड़क पर बारिश का पानी इकट्ठा हो गया। इससे वाहन और पैदल आने-जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बरसठी क्षेत्र में मियांचक–जमालापुर–बधवा मार्ग, दियांवा–बेलौनाकला मार्ग तथा खोईरी–खुआवां मार्ग पर पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मल्हनी क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में शनिवार की सुबह करीब 4 बजे तेज बारिश के चलते एक पक्का मकान ढह गया। इस हादसे में तीन महीने के मासूम आयुष व प्रद्युम्न (25) मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
गिरधरपुर गांव निवासी नंदलाल सोनकर मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार की सुबह करीब 4 बजे तेज बारिश के दौरान जब वे अपने परिवार के लोगों के साथ घर में सो रहे थे, तभी अचानक उनके मकान का पिछला हिस्सा गिरने लगा। जब तक वे कुछ समझ पाते, मकान की पिछला हिस्सा गिर गया और कमरे के अंदर रखे सामान भी मलबे में दब गए।
नंदलाल ने बताया कि हादसे के दौरान परिवार के कुल 9 लोग मकान में मौजूद थे। मकान का पिछला हिस्सा गिरने से तीन महीने के आयुष और प्रद्युम्न (25) मलबे में दबकर घायल हो गए। मकान गिरने से परिवार के लोग खुले आसमान में रहने के लिए मजबूर हैं।
ग्राम प्रधान अयाज शेख ने बताया कि राजस्व विभाग को सूचना दी गई है। पीड़ित परिवार को राहत दिलाने के लिए प्रशासन के स्तर पर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बदलापुर क्षेत्र में दो दिन लगातार हुई बूंदाबांदी से किसानों को चेहरे खिल उठे हैं। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। किसानों का कहना है कि इस बारिश से धान की फसलों को लाभ होगा। अभी धान की बालियां निकल रही हैं। अब अगर हवा के साथ तेज बारिश होगी तो फसल गिरने का भय रहेगा। इस बारिश से आलू, चना, मटर, सरसों आदि फसलों की खेती के लिए आसानी से बोआई की जा सकेगी। खेतों की सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी। मछलीशहर : क्षेत्र के किसानों का कहना है कि बीते दो व तीन अक्तूबर को हुई अच्छी बारिश फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। मड़ियाहूं : क्षेत्र में 2 अक्तूबर को हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद शुक्रवार की रात से शुरू हुई बारिश शनिवार की सुबह 8.30 बजे तक होती रही।
उधर, मईडीह में रात में बिजली का खंभा गिरने से एक मजरे में स्थित 10 से 12 घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।
शाहगंज क्षेत्र में विजयदशमी के दिन जमकर बारिश हुई। इसके चलते रावण का पुतला जलाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शुक्रवार की रात में भी बारिश हुई। केराकत क्षेत्र में विजयदशमी के दिन तेज हवा के साथ बारिश हुई थी। इस दौरान जंफर उड़ने से दिशापुर फीडर में खराबी पैदा हो गई। इससे फीडर से जुड़े 35 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गड़बड़ी दूर कर किसी तरह बिजली आपूर्ति बहाल की गई। शुक्रवार की दोपहर से शुरू हुई बारिश शनिवार की सुबह 10 बजे तक होती रही। बरसठी क्षेत्र में हल्की बारिश होने पर ही मियांचक-जमालापुर-बधवा मार्ग, दियांवा-बेलौनाकला मार्ग व खोईरी-खुआवां मार्ग पर पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश के दौरान सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें