मछलीशहर ब्लाक के मुजहान गांव में खसरे से पीड़ित बालक की मौत की खबर मिलते ही स्वास्थ्य महकमा जाग उठा। बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने गांव में ही डेरा डाल दिया है।
घर पर ही पीड़ितों का इलाज शुरू कर दिया गया है।बस्ती में जो खसरे से पीड़ित नहीं हैं उन्हें भी गुरुवार को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए जिला अस्पताल से वैक्सीन मंगाई गई है।
पीड़ित बालक की मौत से बस्ती के लोगों में दहशत है। अभी भी बस्ती के 13 बच्चे खसरे से पीड़ित हैं। बुधवार को पीएचसी से डा. संतोष कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची।
टीम में एएनएम आशा पांडेय और आशा कार्यकर्ता रीता देवी समेत अन्य लोग थे। बस्ती में पीड़ितों को दवाएं वितरित की गईं डाक्टर ने कहा कि बस्ती में जब तक सभी ठीक नहीं हो जाते तब तक जांच होती रहेगी। उन्होंने कहा कि आशा और एएनएम की लापरवाही सामने आई है। उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।