जौनपुर। राम नवमी के अवसर पर रविवार को जिले भर में भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मनमोहक और आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। जय श्रीराम के जयकारे से शहर से लेकर ग्रामीण इलाका गूंज उठा। भगवान राम की आरती उतारकर श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा गया।विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने नवमी तिथि को श्रीराम महोत्सव पर हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य शोभायात्रा निकाली। इस दौरान लोगों में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर अपार उत्साह दिखाई दिया। लोग श्रीरामचंद्र के जयघोष के साथ हाथों में भगवा झंडा लिए अपने घरों से निकले। शोभायात्रा पुरानीबाजार, कोतवाली, अटाला, सब्जीमंडी, शाही पुल होते हुए समस्त नगर का भ्रमण कर ओलंदगंज पहुंच कर समाप्त हुई। प्रभु श्रीराम की आरती के बाद लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा का नेतृत्व करते हुए बजरंग दल के जिला संयोजक गणेश मोदनवाल ने बताया कि यह शोभायात्रा संपूर्ण हिंदू समाज को एकसूत्र में पिरोने की एक कड़ी है। इस तरह के आयोजन से लोगों में उत्साह ऊर्जा का संचार होता है। जो देश काल के लिए सौभाग्यदाई होता है। इस मौके पर उदयराज सिंह, मंत्री समरबहादुर सिंह, आशुतोष सिंह, विजय सिंह आदि मौजूद रहे।मड़ियाहूं : श्री रामलीला समिति व दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में रामलीला मैदान पक्का पोखरा से भगवान राम, माता सीता व बजरंगबली व श्री दुर्गा की भव्य झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। रामलीला मैदान से निकलकर नगर भ्रमण करते हुए शोभायात्रा डाक बंगला पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे युवक धर्म ध्वजा लेकर चल रहे थे। शाहगंज: हिंदू युवा वाहिनी की ओर से बौलिया पोखरे से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भारत माता, वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई और क्षत्रपति शिवाजी की घोड़े पर सवार झांकियों ने नगरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुइथाकला: रामनवमी पर क्षेत्र के बसौली, सराय मोहिउद्दीनपुर, सूरापुर समेत तमाम जगहों पर मंदिरों में पूरे दिन दर्शन पूजन हुआ। सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार स्थित दुर्गा मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। मछ्लीशहर: दियावा मंदिर परिसर से राम नवमी पर जुलूस निकाला गया। नगर में सरस्वती विद्या मंदिर से चलकर मंगलबाजार, सराय, मुंगराबादशाहपुर चौराहे से निकल कर बाईपास होते हुए जुलूस विद्या मंदिर में आकर समाप्त हुआ।