खेतासराय (जौनपुर)। थानाक्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात कथित प्रेम प्रसंग के चलते एक चार बच्चों की मां के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता को घायल अवस्था में घर के बाहर नाले के पास फेंककर आरोपी प्रेमी और उसका साथी फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने महिला को बेहोश देख परिजनों और पुलिस को सूचना दी। हालत नाजुक होने के कारण पीएचसी सोंधी से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि महिला का सरायख्वाजा क्षेत्र के एक युवक से प्रेम प्रसंग था। बुधवार रात जब महिला का पति और बच्चे गेहूं की मड़ाई करने गए थे, तभी आरोपी अपने साथी के साथ वहां पहुंचा। शौच के लिए निकली महिला पर घात लगाकर हमला किया गया। चार माह पूर्व भी इसी युवक की ग्रामीणों ने पिटाई की थी। खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पुराना प्रेम प्रसंग और विवाद की बात सामने आई है। महिला ने ही युवक को मिलने बुलाया था, जहां किसी बात पर विवाद हो गया। पीड़िता के पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।