मुंगराबादशाहपुर- 41 एटीएम कार्ड के साथ गिरफ्तार ठग
जौनपुर। एटीएम पर लोगों के कार्ड बदलकर उनके खातों से रुपये निकालने के आरोप में पुलिस ने हरियाणा निवासी संजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 41 एटीएम कार्ड, 1870 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष गजानंद चौबे ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना पर मुंगराबादशाहपुर कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ से संजय कुमार को हिरासत में लिया गया। वे हरियाणा के हिसार जिले के हांसी थाना क्षेत्र का निवासी है। आरोप है कि वह लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर उनके खातों से रुपये निकालता था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुंगराबादशाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपी के खिलाफ मेरठ जिले के पल्लवपुरम, कोतवाली और गंगानगर थानों में भी धोखाधड़ी और चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।