जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रोडवेज डिपे के पास स्थित एक होटल के कमरे में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार की शाम करीब छह बजे सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक घटना की वजह पारिवारिक कलह है। राजस्थान निवासी अमरदीप शर्मा (25) की शादी सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बशीरपुर गांव निवासी प्रमोद मिश्रा की बेटी के साथ हुई थी। अमरदीप छह अप्रैल को शहर के लाइनबाजार थाना क्षेत्र के रोडवेज डिपो के निकट स्थित एक होटल में रुका था। होटल का कमरा बुक कराते समय उसने अपने स्थानीय पते में ससुराल का पता दर्ज कराया था। सोमवार की शाम करीब छह बजे होटल के कर्मचारी कमरे के पास गया तो दरवाजा खुला था। उसने देखा कि युवक पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था। यह देख कर्मचारी ने शोर मचाया। होटल के मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष लाइनबाजार योगेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों और ससुराल के लोगों को भी दे दी गई। सूचना पर ससुराल के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा कर शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष लाइनबाजार योगेंद्र यादव का कहना है कि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किसी बात को लेकर पत्नी से उसका विवाद हुआ था। तनाव के कारण उसने ऐसा कदम उठाया होगा।