Jaunpur News: डीएम जौनपुर के नाम फेसबुक आईडी बनाकर जालसाजों ने फर्नीचर का ऑफर दे डाला। इसे लेकर डीएम अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज पर लोगों से इस अकाउंट से फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करने की अपील की है।
साइबर ठगी के मामले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं। ये ठग आम आदमी को तो छोड़िए बड़े अधिकारियों को भी अपना शिकार बनाना नहीं छोड़ रहे। हाल ही में डीएम जौनपुर के नाम फेसबुक पेज बनाकर ठगों ने कुछ लोगों को घर के फर्नीचर और कुछ सेकेंड हैंड सामान बेच दिया है।
विज्ञापन
डीएम जौनपुर डॉ दिनेश चंद्र ने बुधवार को अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज पर लोगों से इस अकाउंट से फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करने और इसे ब्लॉक करने की अपील की है। साइबर ठगों के हौसले इतने बंद हैं कि वे किसी को भी, कभी भी और कहीं से भी शिकार बना दे रहे हैं। इनके झांसे में आकर लोग अपने मेहनत की कमाई मिनटों में गवां दे रहे हैं।
साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए अलग-अलग पैंतरे आजमा रहे हैं। इसमें एक मामला बुधवार को सामने आया। जब किसी ने डीएम जौनपुर के नाम से फेसबुक पर पेज बनाया। इस पर डीएम की फोटो भी लगाई। ठग ने किसी को मेसेज भेज कर कहा कि मेरे एक मित्र सीआरपीएफ में हैं। वे अपना घर का कुछ फर्नीचर और सामान बेचना चाहते हैं। तुम अपना नंबर बताओ तुम्हें सस्ते में दिलवा दूंगा।
संबंधित व्यक्ति ने डीएम से इसकी शिकायत की। डीएम ने तत्काल साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज से लोगों से अपील की। उन्होंने कहा है कि उस फेसबुक आईडी से आई फ्रेंड रिक्वेस्ट न स्वीकार करें और न ही किसी संदेश का जवाब दें। उसे तुरंत ब्लॉक कर दें। डीएम ने बताया कि इसके पीछे जो भी होगा उसके पकड़े जाने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराएंगे।