मौके पर जुटी भीड़ व लोगों को समझाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर में जिला महिला अस्पताल में पंखा चलाने को लेकर हुए विवाद में सुरक्षा गार्डों पर महिला मरीज के पति की बेल्ट और डंडों से पिटाई करने का आरोप लगा है। घटना शनिवार को अस्पताल परिसर में हुई। मारपीट के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना पर शहर कोतवाल, भंडारी चौकी प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति संभाली।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर निवासी प्रदीप प्रजापति की पत्नी संजना (23) का जिला महिला अस्पताल में प्रसव हुआ है। संजना के इलाज के सिलसिले में परिजन अस्पताल में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पंखा चलाने को लेकर प्रदीप की सुरक्षा गार्ड से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गार्डों ने प्रदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि गार्डों ने बेल्ट और डंडों से प्रदीप की पिटाई की। अस्पताल परिसर में मारपीट होते देख मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और वहां सुरक्षा व्यवस्था संभाली। कुछ देर तक पुलिस बल अस्पताल परिसर में तैनात रहा।
परिजनों ने गार्डों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात कही जा रही है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।