आजाद बिंद की हत्या के बाद शोक जताने घर पहुंचा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल। कांग्रेस
जौनपुर। बरात जाते समय दूल्हे आजाद बिंद (25) की सरेराह हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। वारदात के कई दिन बीत जाने के बाद भी नामजद चार आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं लेकिन सफलता अब तक हाथ नहीं लगी है। इस बीच, मंगलवार को कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके गांव पहुंचा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बडउर गांव में मृतक के परिजनों से मुलाकात की। सदर के पूर्व विधायक नदीम जावेद की ओर से पीड़ित परिवार को तात्कालिक सहायता के रूप में 50 हजार रुपये की नकद आर्थिक मदद सौंपी गई। इस दौरान नदीम जावेद ने फोन पर परिजनों से बात कर उन्हें कानूनी लड़ाई में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।जिलाध्यक्ष ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का डर खत्म हो चुका है और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। दिनदहाड़े दूल्हे की हत्या होना राज्य में जंगलराज जैसी स्थिति का प्रमाण है।