40 हजार नकदी समेत लाखों का माल चोरी
- सफर पूरा कर घर पहुंचने पर बैग से सामान गायब होने की हुई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहगंज। कैफियत एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर दिल्ली से कमाकर घर लौट रहे दंपती से उचक्कों ने 40 हजार रुपये नकदी सहित तीन लाख के सामान उड़ा दिए। घर पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर लगा रहा है।
खुटहन थाना क्षेत्र के छित्तुपुर (शेरपुर) गांव निवासी शंभूनाथ गुप्ता गुरुवार को दिल्ली में कैफियत एक्सप्रेस ट्रेन में अपनी पत्नी सुनीता के साथ सवार हुआ। शुक्रवार की सुबह ट्रेन शाहगंज पहुंची। यहां स्टेशन पर उतरने के बाद घर जाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड से टेंपो कर घर पहुंचा। कुछ समय बाद बैग खोला तो रुपये व आभूषण गायब थे। टेंपो में यात्रा के दौरान चोरी की आशंका जताते हुए मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शंभूनाथ कोतवाली का चक्कर लगा रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। चोरी कहां और कैसे हुई है यह पीड़ित नहीं बता पा रहा है। फिलहाल संदेह के आधार पर ऑटो चालक से पूछताछ की जा रही है।
---
सेंध काट कर 80 हजार की चोरी
सिंगरामऊ। थाना क्षेत्र के सिंघावल गांव में शनिवार रात एक मकान में सेंध काट कर चोर आभूषण, बर्तन समेत अन्य सामान चुरा ले गए। गृह स्वामी निखिल मिश्र ने बताया कि घर के पिछले हिस्से में बना कमरा स्टोर रूम है। इसमें बहन के दोंग से संबंधित सामान, बर्तन, कपड़े, सोने की अंगूठी, चांदी के पायल आदि रखे थे। शनिवार की रात चोर दीवार में सेंध काट कर सारा सामान उठा ले गए। सुबह लोग मकान के पीछे की तरफ गए तो घटना का पता चला। करीब 80 हजार का सामान चोरी हुआ है। सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने छानबीन की।
---