सिरकोनी। थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में रविवार की शाम एक व्यक्ति ने चाट-समोसे की दुकान का सारा सामान धकेल कर गिरा दिया गया। पीड़ित ने जफराबाद थाने पर प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई है। सामान गिराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी अनिल और रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार बीबीपुर गांव निवासी अरविंद प्रजापति ने बीबीपुर गांव में चाट समोसे की दुकान खोल रखी है। सोमवार की जफराबाद थाने में दी हुई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही अनिल सिंह उसके विरोधी रविन्द्र प्रजापति के कहने पर आये और दुकान का सारा सामान गिरा कर तहस-नहस कर दिया। रोके जाने पर उन लोगों ने उसे व उसके लड़के और पत्नी को भी मारा पीटा।घटना में सामान को गिराए जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक आदमी यह कहते हुए सामान को गिरा रहा है कि बिना न्यायालय के आदेश के अब दुकान न लगाना। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह का कहना है की तहरीर के आधार पर दो के विरुद्ध केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है