सांसद केपी ने कहा है कि एक साल में ऐतिहासिक विकास कार्य कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि गोमती नदी के लिए 400 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कराकर केंद्र सरकार को भेजा गया है।
जिसको जल्द की वित्तीय मंजूरी मिलने की संभावना है। मंजूरी मिलने के बाद नदी के दोनों किनारों पर सड़कों का निर्माण कराया जाएगा एवं गंदे जल को साफ करने के लिए कामन ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा।
सांसद जज कालोनी स्थित अपने कैंप कार्यालय पर सोमवार को पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आठ नगरपालिकाओं में जर्जर तारों, ट्रांसफार्मर आदि पर 32 करोड़ 71 लाख रुपये खर्च होंगे।
इसकी वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा की शुद्ध पेयजल लोगों को मुहैया कराने के लिए 370 इंडिया मार्का टू हैंडपंप लगाया गया है।
बिजली व्यवस्था ठीक कराने के लिए खराब 21 ट्रांसफार्मरों को बदलवाकर नया ट्रंासफार्मर लगाने का काम शुरू हो जाएगा। सांसद ने कहा कि जल्द ही तीस गांवों में सोलर लाइट लगाने का काम पूरा हो जाएगा।
सांसद ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र के 65 मरीजों को धनराशि आवंटित की गई है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।