पूविवि सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारियों से संवाद करते कुलपति प्रो. रा
मल्हनी।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने आर्यभट्ट सभागार में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में शिक्षकों और कर्मचारियों के समक्ष विश्वविद्यालय के विकास का विजन रखा। कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और बेहतर ग्रेडिंग हासिल करना प्राथमिकता होगी। विश्वविद्यालय परिवार के साथ कुलपति का पहला संवाद था। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च ग्रेडिंग के साथ स्थापित करना उनका दृढ़ संकल्प है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का निष्ठापूर्ण सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्ण समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। आज किए गए उत्कृष्ट कार्यों का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। पूविवि को आदर्श शिक्षण संस्थान बनाने के लिए शिक्षकों को देश के श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में हो रहे नवाचारों और अच्छी पहलों का अध्ययन करना चाहिए। इनका विश्वविद्यालय की कार्य योजना में उपयोग किया जा सकता है। कानपुर में आयोजित एआई मंथन का उल्लेख करते हुए कुलपति ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों में अपार ऊर्जा और क्षमता है। जरूरत इसे सकारात्मक दिशा में इस्तेमाल करने की है, ताकि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतर सके। डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद यादव ने विश्वविद्यालय में प्रस्तावित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह समेत शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।