इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में फुटबॉल मुकाबले के दौरान गोल करने की कोशिश करतीं खिलाड़ी।
मल्हनी। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप का सेमीफाइनल मैच शुक्रवार को इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला गया। इसमें आगरा और विंध्याचल मंडल की टीमें अपने मैच जीत कर फाइनल में स्थान बना लिया। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में आगरा ने आजमगढ़ को 5-1 से पराजित किया। जबकि विंध्याचल ने वाराणसी को ट्राईब्रेकर में 6-5 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में आगरा मंडल की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और आजमगढ़ मंडल को 5-1 से पराजित कर फाइनल में स्थान बना लिया। दूसरे सेमीफाइनल में विंध्याचल और वाराणसी मंडल की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद ट्राईब्रेकर में विंध्याचल की खिलाड़ियों ने सटीक निशाने लगाते हुए 6-5 से जीत दर्ज की। जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक कुमार सोनकर ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को आगरा और विंध्याचल मंडल के बीच खेला जाएगा।