महराजगंज। सुजानगंज थाना क्षेत्र के चेती शंकरगंज में शुक्रवार को सई नदी में नहाने गई नौ वर्षीय छात्रा की डूबने से मौत हो गई। काफी प्रयास के बाद करीब दो घंटे बाद छात्रा का शव मिला। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन शव को लेकर घर चले गए।
चेती शंकरगंज गांव निवासी मुकेश निषाद की नौ वर्षीय पुत्री करिश्मा निषाद (9) चेती प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी। पिता मुकेश ने बताया कि दो दिन से करिश्मा की तबीयत खराब चल रही थी। इसलिए स्कूल नहीं भेज रहे थे। सुबह धीरदास पुल के पास आरा मशीन चलाने चला गया था। करिश्मा की मां रेखा कपड़े धोने के लिए घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित सई नदी पर गई थी। करिश्मा बिना किसी से बताए गांव के कुछ बच्चों के साथ नदी में नहाने चली गई। इसी दौरान नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चली गई। गांव के बच्चे नहाकर वापस लौट आए। काफी देर बाद पड़ोस के बच्चों ने बताया कि वह नहाने गई थी। ऐसे में परिजन बच्चों के साथ नदी के पास पहुंचे तो देखा नदी में किनारे की तरफ उसका शव पड़ा था। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों के साथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय सिंह और ग्रामीण मौके पर पहुंचकर शव को घर ले आए। मौत की खबर लगने पर मां रेखा, बड़े भाई किशन, छोटा भाई दिव्यांश और दादा बांकेलाल का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बाबत सुजानगंज थानाध्यक्ष महेशपाल सिंह ने कहा कि मामले की सूचना नहीं दी गई है। सूचना मिलती तो कार्रवाई की जाती।