जफराबाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव में गोमती नदी में बुधवार को 22 वर्षीय युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। नदी में युवती की लाश मिलने की सूचना पर एसपी राजकरन नैय्यर, सीओ सिटी जितेंद्र दुबे पुलिस बल के साथ पहुंच गए। शव की पहचान खालदा पुत्री अब्दुल हक निवासी सिपाह कोतवाली के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक युवती की मानसिक दशा ठीक नहीं थी। वह मंगलवार की शाम को चाट खाने के लिए घर से बाहर निकली थी तभी से लापता हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बशीरपुर गांव के पास गोमती नदी में किसी ने युवती का शव देखा ते शोर मचाया। शोर सुनकर आस पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने इसकी सूचना जफराबाद पुलिस को दी। उसी वक्त एसपी और सीओ भी थाने पर मौजूद थे। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नदी से शव को निकलवाकर कब्जे में लेकर थाने पहुंची। जहां पुलिस शव को पहचान कराने का प्रयास कर रही थी तभी नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिपाह मोहल्ला निवासी अब्दुलहक हाफिज पहुंचे और शव की पहचान अपनी पुत्री खालदा बानों के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटी की मानसिक दशा ठीक नहीं थी। वह मंगलवार की शाम घर से चाट खाने के लिए निकली थी। देर तक नहीं लौटी तो खोजबीन शुरू की गई लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।