बदलापुर। क्षेत्र के नेवादा मुरीदपुर गांव की एक युवती 25 लाख की लाटरी पाने के चक्कर में सैंतालिस हजार रुपये गंवा बैठी। जालसाजों ने फोन कर 25 लाख देने के एवज में उससे दो बार में अलग-अलग खातों में 47 हजार दो सौ रुपये जमा करा लिए। तीसरी बार फिर 7500 की मांग करने पर युवती ने असमर्थता जताई तो जालसाज ने लाटरी का पैसा देने से इंकार कर दिया। पुलिस छानबीन कर रही है। नेवादा मुरीदपुर निवासी कुंदनलाल निषाद की पुत्री खुशबू निषाद के मोबाइल पर फोन आया कि 25 लाख की लाटरी आपकी लग गई है। एक फोन नंबर देते हुए उस पर बात करने को कहा। खुशबू ने बताए गए नंबर पर बात किया तो उस व्यक्ति ने कहा कि 25 लाख के लिए 12 हजार 2 सौ रुपये जमा करना होगा। उसने खाता नंबर भी दिया। बताए गए बैंक खाते में युवती ने 12 हजार दो सौ रुपये जमा कर दिया। दूसरे दिन फिर फोन आया और 35 हजार रुपये और जमा करने को कहा गया। दोबारा 35 हजार जमा करने के बाद तीसरी बार पुन: उसी नंबर से फोनकर 7500 रुपये की डिमांड रखी गई। युवती ने रुपये जमा करने में असमर्थता जताते हुए पूर्व में दिया गया पैसा वापस मांगा। इसके बाद से जालसाजों ने फोन बंद कर दिया। पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर जालसाजों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।