जौनपुर-इलाहाबाद मार्ग पर बक्शा थाना क्षेत्र के गोसाईंगज बाजार के पास रविवार की रात इलाहाबाद जा रही स्नानार्थियों से भरी बस और ट्रक में टक्कर हो गई। बस में सवार एक महिला की मौत हो गई और ट्रक चालक,
खलासी समेत 14 लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार निजी चिकित्सालय में कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बस में सवार सभी यात्री देवरिया जिले के रहने वाले थे। सभ सोमवती
अमावस्या पर संगम स्नान करने इलाहाबाद जा रहे थे। हादसे के बाद सभी को दूसरे साधन से वापस घर भेज दिया गया। देवरिया जिले के पांडेय देवकली, गोलउठा, पठखौली, कुसमा और फत्तेपुर गांव से लोग एक टूरिस्ट बस में
सवार होकर स्नान करने इलाहाबाद जा रहे थे। रात में करीब 11:45 बजे बस बक्शा थाना क्षेत्र के गोसाईंगज बाजार के पास पहुंची थी तभी सामने से सरिया लादकर आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया। बस
में खिड़की के पास बैठी पांडेय देवकली गांव निवासी कालिंदी देवी (56) की मौत हो गई। बस में कुल 64 यात्री सवार थे। इसमें से गजाधर गुप्ता (55), जामवंती देवी (50), दुर्गावती देवी (60), कमलावती (35), राजकुमारी (50), लाची
देवी (50), बतासी देवी (65) और ट्रक चालक चंद्रशेखर यादव व खलासी प्रदीप गौड़ समेत 14 लोग घायल हो गए। आधी रात को हुए हादसे के बाद यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय
एक निजी चिकित्सक ने रात में ही अपनी क्लीनिक खोलकर यात्रियों का उपचार किया। सूचना पर बक्शा और सिकरारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से पीएचसी पहुंचाया जबकि अधिकतर
लोगों का उपचार स्थानीय निजी चिकित्सक के यहां कराया गया। हादसे के बाद भी बस चालू हालत में थी। सभी यात्रियों को उसी बस से लेकर पुलिस सिकरारा थाने पहुंची।
जहां से सभी को दूसरे साधन से सोमवार की सुबह घर भेज दिया गया। बस और ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उधर सूचना मिलने पर मृत महिला और घायलों के घर वाले भी सुबह तर मौके पर पहुंच गए।