डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सिटी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का स्थलीय निरीक्षण किया। ओवरब्रिज का कार्य इस महीने तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण में बाधा बन रहे ट्रांसफार्मर को रास्ते से हटाने के लिए विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया।
मड़ियाहूं रोड पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण आठ वर्षों से चल रहा है। कानूनी प्रक्रिया के कारण कार्य काफी विलंबित हुआ है। अब इसे शीघ्र पूरा कराने पर प्रशासन का जोर है। डीएम ने मंगलवार को निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के अफसरों से कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। ओवरब्रिज का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। बीच में एक पिलर की छत ढाली जानी शेष है। इसे यथाशीघ्र पूरा करने को कहा। पुल पर चढ़ते समय ही रामाश्रम कॉलोनी के गेट पर लगे ट्रांसफार्मर के कारण रास्ता संकरा होने और बार-बार जाम लगने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने ट्रांसफार्मर को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए। सेतु निगम के अधिकारियों को कहा कि जून तक हर हाल में काम पूरा कर लें। इसमें ढिलाई हुई तो कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान सीआरओ राजकुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे।
अमृत योजना में सुस्ती पर हुए नाराज, मांगी दैनिक प्रगति रिपोर्ट
अमृत योजना के तहत शहर में चल रहे सीवर लाइन के काम में सुस्ती पर डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। मंगलवार को विभिन्न इलाकों में पहुंचकर खुद निर्माण कार्य का सत्यापन किया। कार्यदाई संस्था जलनिगम केे अधिकारियों को निर्देश दिया कि मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम तेज करें। अगर काम करा रही कंपनी लापरवाही बरतती है तो उसके खिलाफ केस भी दर्ज कराएं।
डीएम मनीष कुमार वर्मा पहले जज कॉलोनी पहुंचे। यहां काम की गति धीमी मिली। सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत का काम धीमा था। तारापुर कॉलोनी में भी काम की गति संतोषजनक नहीं मिली। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि मजदूरों की संख्या और अधिक बढ़ाएं। बारिश से पहले हर हाल में सड़कों को दुरुस्त कर लिया जाना चाहिए। ताकि लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। अधिशासी अभियंता जल निगम एसके गुप्ता को निर्देश दिया कि जिन-जिन गलियों में कार्य चल रहा है, उसका चार्ट बनाकर प्रस्तुत करें। उन गलियों का प्रतिदिन निरीक्षण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी राजकुमार द्विवेदी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।