जौनपुर। प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि अध्यक्ष मीडिएशन व कंसीलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ व जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि के निर्देश पर एक अगस्त से 30 दिसंबर तक राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का ज्यादा से ज्यादा संख्या में निस्तारण किया जाएगा। इस मध्यस्थता अभियान में वैवाहिक विवाद के मामले, दुर्घटना दावे के मामले, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस के मामले, वाणिज्यिक विवाद, सेवा विवाद, शमनीय आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, संपत्ति के बंटवारे, बेदखली से संबंधित मामले, भूमि अधिग्रहण के मामले व अन्य उपयुक्त दीवानी मामले आपसी समझौते के आधार पर निस्तारित किए जाएंगे। वादकारी एवं अधिवक्ता अपने-अपने वादों से संबंधित न्यायालयों में संपर्क स्थापित कर वादों को मध्यस्थता के लिए संदर्भित करा लें एवं अधिकतम वादों का निस्तारण कराकर अभियान का लाभ उठाएं।