जौनपुर। खरीफ मौसम के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत किसानों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। किसान 14 अगस्त तक फसल बीमा करा लें। उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि गैर-ऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 14 अगस्त व ऋणी (केसीसी धारक) किसानों के लिए 31 अगस्त तक निर्धारित की गई है। बीमा के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी और स्वयं बोआई प्रमाण-पत्र आवश्यक होंगे। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले के अधिसूचित फसलों (धान, मक्का, बाजरा, ज्वार, उड़द, अरहर, तिल) पर कुल बीमित राशि का मात्र दो प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। वहीं, मौसम आधारित योजना में केला, टमाटर और मिर्च को शामिल किया गया है। किसान कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों, सहज जन सेवा केंद्र या बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से संपर्क कर बीमा करा सकते हैं। दैवी आपदा की स्थिति में किसान फसल नुकसान होने पर शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।