जेवर चोरी के गिरफ्तार किए गए आरोपी। पुलिस विभाग
- फोटो : 1
जौनपुर। रोडवेज बस के अंदर से सिपाही की पत्नी और साली के बैग काटकर 8 लाख रुपये के गहने चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुरादाबाद जिले के एक ही गांव के निवासी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए पूरे जेवरात बरामद कर लिए हैं। बक्शा क्षेत्र निवासी और चंदौली में तैनात सिपाही प्रदीप यादव का परिवार 11 फरवरी को मिर्जापुर जा रहा था। जौनपुर बस स्टैंड पर बस में पहले से बैठे आरोपियों ने चालाकी से चालक की सीट के पीछे रखे बैग को फिल्मी स्टाइल में काटकर करीब 61.280 ग्राम सोने के आभूषण (मंगलसूत्र, झुमका, चेन आदि) पार कर दिए थे। एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी मुरादाबाद जिले के भोजपुर थानाक्षेत्र के अक्का भीखमपुर निवासी आबिद हुसैन उर्फ सुक्खा और उसके साथियों साबिर, अतीक, आबिद और शाहने आलम को दबोचा गया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि बस में चालक की सीट के पीछे रखे सिपाही के परिवार के बैग काटकर गहने चोरी कर लिए थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।