सरपतहां थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ गांव के ही दो युवकों ने मंगलवार की रात दुष्कर्म किया। पीडि़ता के परिवार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। वहीं, क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने भी थाने पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी मंगलवार की रात घर से शौच के लिए गई थी। गांव के बाहर सुनसान स्थान पर मिले दो युवकों ने उसे अकेली देख उसके साथ छेड़छाड़ शुरु कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी उसका मुंह दबाकर गांव के बाहर तालाब के पास उठा ले गए। जहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद धमकी देते हुए फरार हो गए। इधर, पीडि़ता किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई तो परिवार के लोगों को काठ मार गया। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय थाने में एक नामजद और एक अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी। क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। दूसरे की तलाश की जा रही है। घटना की तफ्तीश चल रही है।