जौनपुर। कोरोना टीका लगवाने के लिए बुजुर्गों को अब दिन विशेष का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वह जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में हर कार्य दिवस पर टीकाकरण होगा। सीएचसी पर भी सप्ताह में तीन दिन कोरोना का टीका लगेगा। साठ वर्ष की आयु पूरी करने वाला कोई भी व्यक्ति अपने उम्र प्रमाण पत्र और पहचान के दस्तावेज के साथ टीकाकरण करा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए गाइड लाइन जारी कर दिया है। आयुष्मान योजना के तहत चयनित 13 निजी अस्पतालों में भी सप्ताह में चार दिन टीका लगेगा। अपनी सुविधा अनुसार वह छह दिन भी टीकाकरण कर सकेंगे।
हेल्थ वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स के बाद अब एक मार्च से 60 वर्ष की आयु वाले और 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले बीमार लोगों को टीका लगाया जा रहा है। अभी तक सिर्फ एक दिन ही टीकाकरण हुआ है। पहले दिन दो केंद्रों पर कुल 210 बुजुर्गों ने टीका लगवाया था। शेष बुजुर्ग अगली तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं। अब उन्हें राहत देते हुए शासन ने टीकाकरण के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। जिले के सभी सीएचसी केंद्रों पर सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को टीका लगाया जाएगा। जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में सप्ताह में छह दिन टीका लगाने की व्यवस्था चार मार्च से शुरू होगी। अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी टीका लगवा सकेंगे। आयुष्मान भारत योजना के तहत चयनित निजी अस्पतालों को सप्ताह में चार दिन टीकाकरण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह अस्पताल अपनी सुविधा के हिसाब से सप्ताह में छह दिन भी टीकाकरण कर सकेंगे। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि टीका करण प्रक्रिया को आसान कर दिया गया है। अब किसी तिथि का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सु विधा के हिसाब से कोई भी चयनित तिथि पर टीका लगवा सकेगा। बीमार लोगों को टीका के लिए उपचार का ब्योरा देना होगा। सरकारी अस्पताल में टीकाकरण निशुल्क होगा।
आठ मार्च को सिर्फ महिलाओं को लगेगा टीका
जौनपुर। आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले के तीन स्वास्थ्य केंद्रों पर केवल महिलाओं को टीका लगाया जाएगा। जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और सीएचसी बरसठी केंद्र पर साठ वर्ष से अधिक आयु और 45 वर्ष से अधिक आयु की बीमार महिलाओं को टीका लगाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि टीकाकरण के लिए शासन से गाइड लाइन जारी कर दिया गया है। सभी सीएचसी प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है।