संशोधित--तहसीलदार को पत्रक सौंंपते लेखपाल। स्वयं
शाहगंज। लंबित मांगों को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। तहसील शाहगंज इकाई के अध्यक्ष विकास सिंह व महामंत्री विवेक सिंह ने एसडीएम अंकुर वर्मा को पत्र देकर आंदोलन की घोषणा की है। मांगों का निस्तारण नहीं होने पर 24 अक्तूबर से लेखपाल अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करेंगे। जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ के इकाई अध्यक्ष विकास सिंह कहना है कि लेखपाल लंबे समय से अपनी न्यायोचित एवं लंबित मांगों के समाधान के लिए शासन और राजस्व परिषद से अनुरोध करते आ रहे हैं। शासन स्तर पर हुई बातचीत के बावजूद ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन का निर्णय लिया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्तूबर को संपूर्ण समाधान दिवस का सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बहिष्कार कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। 8 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से तहसील के सभी प्रशासनिक ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। इसमें आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य कार्य शामिल हैं। 10 अक्तूबर को थाना समाधान दिवस पर लेखपाल काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। इसके बाद 12 अक्तूबर को तहसील/जिला मुख्यालय पर रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। 14 अक्तूबर को दोपहर एक बजे जिला मुख्यालय पर मोटरसाइकिल रैली निकालकर ज्ञापन दिया जाएगा। वहीं 17 से 23 अक्तूबर तक तहसील मुख्यालय पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के अंतिम चरण में 24 अक्तूबर से सभी कार्यों का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करते हुए जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने पत्र के माध्यम से प्रशासन को आंदोलन के निर्धारित कार्यक्रम से अवगत करा दिया है। इस दौरान लेखपाल अशोक कुशवाहा, रविकांत मौर्या, पंकज पटेल, राहुल मौर्या, राकेश कुमार समेत समस्त लेखपाल मौजूद रहे।