मुंगराबादशाहपुर। जौनपुर रायबरेली नेशनल हाइवे पर मंगलवार रात दो बजे पवांरा थाना क्षेत्र के उचौरा पुलिया के पास छुट्टा पशु के बाइक से टकराने के बाद युवक की मौत हो गई, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। मछलीशहर के नंदलाल का पूरा गांव निवासी संदीप गौड़(26) बाइक पर गांव के जेपी यादव(29), मछलीशहर के सराय यूसुफ निवासी हरि नारायण गुप्त(28) के साथ किसी काम से मुंगराबादशाहपुर आए हुए थे। रात को तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। जैसे ही इनकी बाइक जौनपुर-रायबरेली एनएच पर उचौरा पुलिया के समीप पहुंची अचानक छुट्टा पशु आ गया। बाइक सवार टकराकर दूर जा गिरे, तीनों को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राज नारायण चौरसिया ने सभी घायलों को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया। जहा संदीप गौड़ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं हरि व जय को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष राजनारायण चौरसिया ने बताया कि किसी छुट्टा पशु से बाइक टकराने से तीन बाइक सवार में संदीप की मौत हो गई। वही जयप्रकाश व हरि नारायण को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।