महिला को झांसे में लेकर उसके चेक से दो लाख रुपये उड़ाने वाले बैंक कर्मी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। संबंधति धाराओं में केस दर्ज कर उसका कोर्ट के लिए चालान कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मीरमश्त निवासी अफसाना बानो पत्नी मोहम्मद नसीम ने कोतवाली में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कृि एसबीआई शाखा रुहट्टा में उसका खाता है। अपने खाते से कुछ पैसा अपने पिता के खाते में ट्रांसफर कराने के लिए वह गत दो मार्च को बैंक गई थी। बैंक के काउंटर नंबर आठ पर बैठे व्यक्ति ने महिला से चेक बुक मांगा। जिस पर अफसाना खाताधारक ने उत्तर दिया कि वह सिर्फ प्रक्रिया पता लगाने आई है। इसके बाद वह पैसा अपने पिता के अकाउंट में ट्रांसफर करेगी। काउंटर पर बैठे व्यक्ति ने उसे अपनी बातों में फंसाकर उसका चेकबुक ले उसे काफी देर टटोलता रहा। बाद में महिला अपने घर चली आई। छह मार्च को वह पुन: बैंक आई और विड्राल फार्म भरकर 20 हजार रुपये निकाले। तब उसके खाते में 207281 रुपये थे। कुछ दिन बाद महिला फिर दस हजार रुपये निकालने के लिए बैंक गई तब उसे पता लगा कि उसके खाते पर सिर्फ 7221 रुपये बचे हुए हैं। उसके चेक बुक से चेक फाड़कर बैंक कर्मी ने फर्जी हस्ताक्षर बनाकर दो लाख रुपये निकाल लिया है। सीसी टीवी फुटेज को खंगाला गया तो मामले की पोल खुली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों पर जालसाजी व गबन का केस दर्ज किया था। शुक्रवार को पॉलीटेक्टिनक चौराहा के पास से वाराणसी के शिवपुर थाना अंतर्गत इंद्रपुर कॉलोनी निवासी बैंक कर्मी मोहन लाल कनौजिया को गिरफ्तार किया। कोतवाल संजीव मिश्र ने बताया कि घटना में शामिल इरफान अली व एक अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।