केराकत में रियांश हॉस्पिटल को सील कर कार्रवाई का पेपर देते अधिकारी। संवाद
केराकत (जौनपुर)। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को केराकत स्थित रियांश हॉस्पिटल पर छापा मार कर उसे सील कर दिया। जांच के दौरान अस्पताल संचालक न तो वैध रजिस्ट्रेशन दिखा सका और न ही वहां तैनात स्टाफ के पास कोई मेडिकल डिग्री पाई गई। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक सिंह और डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि इस अस्पताल को पहले ही तीन बार नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे गए थे लेकिन संचालक ने विभाग को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। सोमवार शाम को पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने अस्पताल परिसर की जांच की और खामियां मिलने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा बिना अनुमति के अस्पताल का संचालन किया गया तो संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। टीम में डॉ. अरुण कुमार कनौजिया और स्थानीय पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।