निगोह। बरसठी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी रीना देवी (27) पत्नी दीपक की 27 मई को ऑपरेशन के दौरान हुई मौत के मामले में चिकित्सा अधीक्षक की तहरीर पर आरोपी डाक्टर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
महिला का शव सड़क पर रखकर रास्ता जाम करने के मामले में 6 नामजद समेत 25 के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
भगवानपुर गांव निवासी रीना देवी (27) पत्नी दीपक की 27 मई को लक्ष्य दीप हास्पिटल बरसठी में बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था। आपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान महिला की बृहस्पतिवार को देर रात मौत हो गई । शुक्रवार को महिला का शव लेकर परिजन बरसठी पहुंचे और बैंक के पास सड़क जाम कर दिया था। जानकारी मिलने पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बरसठी थाने पर लक्ष्य दीप हास्पिटल के डॉ. पंकज पटेल निवासी खंडवा थाना बरसठी के खिलाफ धोखाधड़ी व इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। डॉ. अजय सिंह ने कहा कि हाॅस्पिटल का रजिस्ट्रेशन नहीं है। उसे सील कर दिया गया था।
अधीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने सड़क जाम करने पर छः नामजद समेत 25 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।