जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में नाम वापसी का दौर खत्म हो गया। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष में जाकर एक प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस ले लिया है। इस तरह अब चुनाव मैदान में चार महिला प्रत्याशी हैं, जिनके लिए तीन जुलाई को मतदान होना है और उसी दिन मतगणना होगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 5 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इनमें अपना दल एस से रीता पटेल और डा. सुनीता वर्मा ने नामांकन किया था। मंगलवार को 2.50 बजे अपना दल (एस) की दूसरी प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने वाली जिला पंचायत सदस्य डा. सुनीता वर्मा अपना पर्चा वापस लेने कलेक्ट्रेट पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव पप्पू माली भी थे। नामांकन कक्ष से पर्चा वापस लेकर वह निकल गईं। इससे अब मैदान में सपा प्रत्याशी निशी यादव, भाजपा-अपना दल एस से रीता पटेल, निर्दल प्रत्याशी के रूप में नीलम सिंह और श्रीकला धनंजय सिंह चुनाव मैदान में हैं। अब प्रत्याशियों ने अपनी जीत पक्की करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव में कुल 83 जिला पंचायत सदस्य मतदाता हैं।