सुइथाकला। रुधौली बाजार में शनिवार को सुबह 10 बजे रोडवेज बस की टक्कर से ट्रैक्टर सहित चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। जबकि परिचालक भाग गया। ट्रैक्टर मालिक के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का केस दर्ज करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। सुल्तानपुर डिपो की बस सवारियां बैठाकर शाहगंज से सुल्तानपुर की तरफ जा रही थी। रुधौली बाजार से पहले अचानक चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। इससे बस बाजार में खड़ी एक स्काॅर्पियो और टाटा नेक्सन कार को टक्कर मारते हुए तेज गति से आगे बढ़ने लगी। आगे सेंट्रल बैंक के पास खड़े एक ट्रैक्टर में बस पुनः भिड़कर खड़ी हो गई। इसके बाद उसका परिचालक बस से उतरकर भाग गया। जबकि चालक तरुण तिवारी निवासी ग्राम मोइली, थाना जयसिंहपुर, सुल्तानपुर को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ितों का आरोप था कि चालक नशे में है। थानाध्यक्ष सरपतहां यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में चालक ने अचानक चक्कर आने की बात बताई। ट्रैक्टर मालिक शिवाजी यादव के प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई की जा रही है।