जौनपुर। ठंड में कोहरे के चलते होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात विभाग की तरफ से विशेष प्रयास किया जा रहा है। अब ई-रिक्शों में फाग लाइट व रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाया जाएगा। इसके लिए नवंबर में सारे कार्यों को अमली-जामा पहना लिया जाएगा।
बता दें कि नगर में करीब चार हजार पंजीकृत ई-रिक्शा हैं। इसके अलावा कुछ दूसरे रूटों के रिक्शा भी हैं। यातायात विभाग की मानें तो ज्यादातर रिक्शा चालक बैट्री से लाइट जलने के कारण उसका इस्तेमाल कम करते हैं। ऐसे में ठंड के दिनों में रेलवे स्टेशनों, रोडवेज से छह से आठ की संख्या में यात्रियों को भरकर वह गंतव्य को जाते हैं। इस दौरान उनके वाहन में कोहरे के समय फाग लाइट तक का भी प्रयोग नहीं किया जाता है, न ही उस पर रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाया जाता है, ताकि उनके सामने या पीछे से आ रहे वाहनों को इसका पता चल सके। ऐसे में किसी बड़े हादसे की संभावना बनी रहती है। इसको देखते हुए यातायात माह में एआरटीओ कार्यालय से संपर्क करके सभी ई-रिक्शा चालकों को नोटिस भेजकर फाग लाइट व स्टीकर लगवाने को कहा जाएगा। साथ ही इसके लिए एआरटीओ से भी स्टीकर व फाग लाइट उपलब्ध कराने को कहा जाना है। शहर में इतने बड़े पैमाने पर ई-रिक्शा होने के कारण उनका रूट चार्ट जारी कर दिया गया है।
कोहरे से पहले लगाए जाएंगे लाइट व रिफ्लेक्टर स्टीकर
नगर में चलने वाली ई-रिक्शा में फाग लाइट व रिफ्लेक्टर स्टीकर नहीं लगाया गया है। यातायात माह में इसको दुरुस्त कराते हुए सभी ई-रिक्शा में इसको लगवाया जाएगा। जिससे किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
- कुलदीप कुमार, सीओ यातायात नगर