महराजगंज थाना क्षेत्र के दिलशादपुर तेजी बाजार एवं बरचौली में नकली ब्रांडेड कंपनी का नमक बेचने के आरोप में चार दुकानदारों के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कॉपीराइट एक्ट के तहत की।
दिल्ली स्थित आईआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मार्केटिंग एवं चेकिंग अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह को सूचना मिली कि नकली ब्रांडेड कंपनी के नमक की बिक्री हो रही है। उन्होंने इसकी शिकायत महराजगंज पुलिस से की। साथ ही उनके साथ-साथ तेजी बाजार स्थित रिंकू किराना स्टोर पर छापा मारा। जहां से एक बोरा नकली ब्रांडेड कंपनी के नमक तथा दो बोरा खुला नमक बरामद हुआ। इसी तरह ईश्वर चंद किराना स्टोर पर छापेमारी की गई। जहां से दो बोरा भरा तथा एक खुला नकली ब्रांडेड कंपनी का नमक बरामद हुआ। दिलशादपुर स्थित मां दुर्गा ट्रेडर्स पर सात बोरा भरा व दो बोरा खुला नकली ब्रांडेड कंपनी का नमक बरामद हुआ। आदित्य किराना स्टोर मुकेश मौर्य की दुकान पर 31 पैकेट नकली ब्रांडेड कंपनी का नमक बरामद हुआ। मार्केटिंग मैनेजर देवेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष महाराज संतोष राय ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।