जौनपुर। जिले में बुधवार को भी कोरोना के चार पॉजिटिव केस आए। इसमें तीन प्रवासी हैं, जबकि एक व्यक्ति की रिपोर्ट प्रयागराज में उपचार के दौरान पॉजिटिव आई है। जिले में कुल मरीजों की संख्या 544 हो गई है। तीनों नए मरीजों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएमओ डॉ. राकेश कुमार के मुताबिक सोनाई भन्नौर गांव में 16 जून को मुंबई से ट्रेन में आए वृद्ध का 27 जून को सैंपल लिया गया था। उसकी रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने से पहले तक उसमें कोई लक्षण नहीं था। गनेशपुर सुखलालगंज में 24 जून को मुंबई से आए युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। वह भी होम क्वारंटीन में था। उसमें कोई लक्षण स्पष्ट नहीं थे। मुंगरा बादशाहपुर के हेमापुर तरहटी निवासी युवक 21 जून को मुंबई से आया था। होम क्वारंटीन में रहते हुए युवक की स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर सैंपल लिया था। चौथा मरीज धर्मापुर ब्लाक के गौराबादशाहपुर कस्बे का है। उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। कोई लक्षण भी नहीं था। प्रयागराज में उसने प्राइवेट लैब में जांच कराई, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे वहीं के स्वरुप रानी अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।