जौनपुर। कोरोना से मौत के आंकड़ें कम नहीं हो रहे। शुक्रवार को भी चार लोगों की जान चली गई। कुल 322 नए मरीज मिले, जबकि 89 को कोरोना पर जीत मिली। जिले में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 5457 हो गई है। इसमें 5311 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। 311 मरीजों का सरकारी व निजी कोविड अस्पतालों में उपचार चल रहा है। अब तक कुल 154 मरीजों की जान गई है।
कोरोना के नए मरीजों की पहचान के लिए शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाए गए। जिला अस्पताल में आरटी-पीसीआर के सैंपल लिए गए। वहीं अन्य ग्रामीण सीएचसी पर एंटीजन किट से जांच हुई। कोतवाली व रोडवेज स्टैंड पर भी टीमों ने एंटीजन किट से जांच की। जांच के दौरान एंटीजन किट के 66 रिपोर्ट पॉजिटिव आए, जबकि जिला अस्पताल में लगे ट्रूनट मशीन से 20 मरीजों में संक्रमण की पहचान हुई। आरटी-पीसीआर के पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 236 पॉजिटिव रहे। नए मरीजों में शहर के रुहट्टा, ओलंदगंज, हुसैनाबाद, मियांपुर आदि इलाकों के हैं। मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर, मड़ियाहूं, बदलापुर और सुजानगंज में भी नए मरीजों की संख्या अधिक है। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि एमसीएच विंग, ट्रामा सेंटर हौज और रेहटी सीएचसी में एल-2 अस्पताल बनाया गया। इसमें 104 मरीज भर्ती हैं। जिला अस्पताल के प्रिजमटीव वार्ड में 70 मरीजों का उपचार चल रहा है। नौ निजी अस्पतालों में 138 मरीज रखे गए हैं। शुक्रवार को मरने वालों में एक महिला और तीन पुरुष हैं।