शाहगंज, चार साल से फरार 50 हजार का इनामी पूर्व प्रधानाचार्य गिरफ्तार। स्रोत-पुलिस
शाहगंज। गबन, धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में चार वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी पूर्व प्रधानाचार्य हृदयनारायण मिश्र को पुलिस ने रविवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने और उद्घोषणा की कार्रवाई के बावजूद वह पेश नहीं हो रहा था।
प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के सौदमा गांव का निवासी है। वह फैजाबाद रोड स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज का पूर्व प्रधानाचार्य रह चुका है।
वर्ष 2021 में तत्कालीन प्रधानाचार्य राजेश प्रसाद की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध गबन, आपराधिक न्यासभंग, धोखाधड़ी और कूटरचना समेत विभिन्न धाराओं में थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान से वह लगातार फरार रहा। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी उसने समर्पण नहीं किया। इसके बाद उसके विरुद्ध उद्घोषणा की कार्रवाई की गई, लेकिन फिर भी वह पुलिस की पकड़ से दूर रहा। न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने पर उसके खिलाफ धारा 174ए के तहत एक अन्य प्राथमिकी भी दर्ज की गई।
फरार चल रहे आरोपी पर वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने आरोपित की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर रखा था। रविवार सुबह पुलिस टीम ने उसके पैतृक आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।