केराकत के पूर्व विधायक दिनेश चौधरी के भतीजे इंजीनियर सौरभ चौधरी को दबंगों ने पिटाई की और गाली-गलौज देकर भगा दिया। कोतवाली पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक के चचेरे भाई अशोक कुमार कन्नौजिया के पुत्र सौरभ चौधरी का लाइन बाजार चौराहा से कचहरी मार्ग पर आशीर्वाद कंस्ट्रक्शन के नाम से आफिस है। वह भवन निर्माण का कार्य कराते है। एक वर्ष पहले कोतवाली के रुहट्टा निवासी सरिता गुप्ता व दिलीप गुप्ता ने रुहट्टा स्थित अपनी जमीन पर दो मंजिला व्यावसायिक भवन बनाने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों में करारनामा हुआ। दोनों ही तल का निर्माण के बाद 86 लाख भुगतान किया गया। शेष भुगतान नहीं किया गया। तमाम कमियां व गड़बड़ी दिखा कर सौरभ ने कुल भुगतान में से 13 लाख से अधिक की कटौती करके बिल दिया। अब भी उनका 21 लाख दो हजार 491 रुपये बकाया रह गया था। सौरभ जब दिलीप व सरिता के रुहट्टा स्थित आवास के पास बृहस्पतिवार को बकाया भुगतान की मांग करने गया तो वहां उसके साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज देते हुए भगा दिया गया। कोतवाल मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि मामले में मारपीट व बकाए का भुगतान न करने को लेकर सरिता व दिलीप गुप्ता पर मुकदमा दर्ज किया गया है।