जिले में बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए 4जी स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। इसके लिए शहर के सिपाह फीडर के तहत स्थित तीन हजार उपभोक्ताओं के भवनों का सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के बाद मीटर आपूर्ति के लिए प्रस्ताव डिस्कॉम मुख्यालय भेजा जाएगा। अप्रैल महीने से मीटर लगाए जाने की उम्मीद है।
पूर्वांचल डिस्कॉम ने चारों जोन में 4जी स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की जिम्मेदारी जीएमआर कंपनी को दी है। हैदराबाद की यह कंपनी ही जौनपुर में भी 4जी स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का काम करेगी। बिजली निगम के अधिकारियों के मुताबिक जिले में करीब 5 लाख मीटर लगाए जाने हैं।
-
कम होगा फॉल्ट, घटेगा राजस्व का नुकसान
मीटरों के फॉल्ट और बिल की गड़बड़ियों से निजात दिलाने के लिए बिजली निगम की ओर से 4जी स्मार्ट मीटर लगाने की पहल की गई है। मीटर लगाने का कोई खर्च बिजली उपभोक्ताओं को नही देना होगा। इन मीटरों के लगने से उपभोक्ताओं को बिजली खपत, बिल आदि से संबंधित जानकारी व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से मिलेगी।
-
नेटवर्क की नहीं आएगी खराबी
स्मार्ट प्रीपेड मीटर जो लगाए जाएंगे उसमें नेटवर्क की समस्या नहीं आएगी। यह मीटर रेडियो फ्रीक्वेंसी से भी चलेंगे। जिन इलाकों में नेटवर्क की समस्या आती है, वहां मीटर लगने के बाद ये समस्या नहीं आएगी।