शाहगंज रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं। संवाद
शाहगंज। नगर के राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से सब का मन मोह लिया। पहले दिन रेंजर्स को झंडा गीत, प्रार्थना, स्काउट नियम और प्रतिज्ञा की जानकारी दी गई। दूसरे दिन ध्वज शिष्टाचार और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) का प्रशिक्षण दिया गया। तीसरे दिन गांठ-फांस बांधना, टेंट लगाना, कलर पार्टी तथा पासिंग आउट परेड का अभ्यास कराया गया। चौथे दिन रेंजर्स इकाई ने जागरूकता रैली निकाली और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। पांचवें और अंतिम दिन छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। शिविर के दौरान निबंध, पोस्टर, क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सर्वधर्म सभा का आयोजन हुआ। इसमें प्रशिक्षक निषाद अहमद और पायल विश्वकर्मा ने रेंजर्स को दीक्षा दिलाई। समापन अवसर पर प्राचार्य प्रो. संजय वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में डॉ. आनंद कुमार सिंह, डॉ. रमेश चंद्र, अखिलेश, प्रो. शिवाजी सिंह, रेंजर्स प्रभारी डॉ. अमृता बरनवाल, डॉ. एमपी सिंह, डॉ. सर्वजीत सिंह, राज बहादुर, जयसवाल, रत्नेश, सुरेश, संतोष, अनुराग, योगेंद्र उपस्थित रहे। रेंजर्स प्रभारी डॉ. अमृता बरनवाल ने आभार व्यक्त किया।