शाहगंज (जौनपुर)। नगर के एक निजी अस्पताल में चिकित्सा विज्ञान का एक दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जन्मे महज एक दिन के नवजात के पेट के भीतर एक अधूरा भ्रूण पाया गया है, जिसे देख डॉक्टर भी हैरान हैं। पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के पलिया ईशापुर निवासी चंदन की पत्नी सुंदरिका देवी ने हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया। जन्म के बाद जब नवजात की स्थिति असामान्य दिखी तो परिजन उसे शाहगंज के एक चाइल्ड केयर सेंटर ले गए। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महफूज़ अहमद की देखरेख में जब बच्चे की जांच हुई तो पेट में कुछ असामान्यता महसूस हुई। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. फारुक अरशद ने अल्ट्रासाउंड किया तो पुष्टि हुई कि नवजात के पेट के अंदर एक और अधूरा विकसित भ्रूण मौजूद है। चिकित्सा विज्ञान की भाषा में इस दुर्लभ स्थिति को फीट्स इन फीटू कहा जाता है। इसमें गर्भ के दौरान एक भ्रूण के भीतर दूसरा भ्रूण विकसित होने लगता है लेकिन वह पूरी तरह विकसित नहीं हो पाता। डॉक्टरों के अनुसार, पूरी दुनिया में अब तक ऐसे लगभग 200 मामले ही रिकॉर्ड किए गए हैं। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम नवजात के स्वास्थ्य पर नजर रख रही है और आगे की सर्जरी या उपचार की योजना बनाई जा रही है।