बरईपार। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सराय भोगी गांव निवासी इंटर कॉलेज के शिक्षक आशुतोष कुमार सिंह के खाते से जालसाजों ने 1.05 लाख रुपये उड़ा दिए। पेटीएम अकाउंट बंद होने का झांसा देकर जालसाजों ने पूरी जानकारी ली और खाते से रुपये साफ कर दिया। जानकारी होने के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
आशुतोष के मुताबिक 21 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक शख्स ने फोन कर यह सूचना दी कि पेटीएम अकाउंट बंद हो गया है। इसे चालू कराएं। इसके लिए उन्हें एक नंबर से कॉल कर एक रुपये भेजने को कहा गया। रुपये ट्रांसफर करते ही एसबीआई बैंक खाते का डिटेल मांगा गया। कुछ देर बाद यूबीआई खाते के बारे में भी जानकारी ली गई। जब तक वह कुछ समझते, उनके खाते से क्रमश: साढ़े 45 हजार और कई बार में साढ़े 55 हजार रुपये कट गए। उन्होंने बैंक व थाने में सूचना दी है। यूबीआई बरईपार के शाखा प्रबंधक नारायण सिंह ने बताया कि कस्टमर को हमेशा बताया जाता रहता है कि वे अपनी जानकारी कभी किसी को ना दें। फिलहाल खाते पर रोक लगा दी गई है।