जफराबाद। क्षेत्र के नाथूपुर चौराहे के पास मंगलवार को मारपीट की घटना में दंपती सहित पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बक्सा क्षेत्र के हकारीपुर गांव निवासी पवन चौहान अपनी पत्नी अनुपमा चौहान के साथ नाथूपुर चौराहे के पास किराए के कमरे में रहता है। अनुपमा और पवन के बीच मंगलवार की सुबह किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। पवन ने पत्नी को पीट कर घायल कर दिया। इस मारपीट की घटना को उसकी पड़ोस में बतौर किराएदार रहने वाली पूजा पत्नी मनेंद्र निवासी गांव गौधा थाना रायपुर जनपद अलीगढ़ ने अनुपमा के मायके वालों को मोबाइल से सूचना दे दी। इसके बाद अनुपमा चौहान के भाई अभिजीत चौहान निवासी इशानपुर थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर अपने मित्र हिमांशु यादव के साथ नाथूपुर आ गए। उन लोगों ने आने के बाद पवन के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसी समय वहां मौजूद प्रद्युम्न चौहान को पता चला कि घटना की जानकारी पूजा ने ही मायके के लोगों को दी है। तब वह पूजा और उसके पति मनेंद्र के साथ भी गाली गलौज करने लगा। इसके बाद अनुपमा के मायके के लोग पूजा के पक्ष में आ गए, जिस पर मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल को हुई। वह चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह, दुर्गेश पाण्डेय के साथ मौके पर पहुंच कर पूजा सहित पांचों लोगो को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि अनुपमा और पवन चौहान आए दिन मारपीट करते रहते थे। घटना की जानकारी पर मायके के लोग आ गए। उसके बाद बवाल हुआ। पांच लोग हिरासत में लिए गए। सभी का चालान भेज दिया गया।