37- मुफ्तीगंज बाजार स्थित में कोरोना के संदिग्ध मरीज की जांच करने पंहुची स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। जिले में कोरोना के पांच नए संदिग्ध सामने आए हैं। इसमें एक फांसीसी नागरिक भी शामिल है। फांसीसी नागरिक समेत दो संदिग्धों को जिला अस्पताल में बने आईसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। सभी संदिग्धों के सैंपल लेकर जांच के लिए बीएचयू भेजे गए हैं। इसके पूर्व मंगलवार को भी चार संदिग्ध मिले थे। दो दिनों में ही नौ संदिग्ध मिलने से कोरोना को लेकर भय बढ़ता जा रहा है।
प्रांस का एक 45 साल का युवक चार दिन पूर्व वाराणसी से ऋषिकेश जाते समय बरसठी के पास बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से जख्मी हो गया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। मंगलवार की रात सर्दी-खांसी के लक्षण होने पर उसे आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने ब्लड सैंपल लेकर जांच को बीएचयू भेजा है। उधर, बुधवार को शाहगंज से कुछ लोगों ने कंट्रोल रुम में फोन कर विदेश से लौटे युवक में कोरोना जैसे लक्षण होने की जानकारी दी। आनन-फानन में जिले की स्वास्थ्य टीम शाहगंज पहुंची। तीस वर्षीय युवक को जिला अस्पताल लाया गया। आईसोलेशन वार्ड में भर्ती करने के बाद उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया। युवक पांच मार्च को दुबई से लौटा था। इसके कुछ दिनों बाद उसे सर्दी-खांसी शुरू हो गई। सामान्य उपचार के बाद भी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था, जिससे लोग सहम गए हैं। जफराबाद के बीबीपुर गांव निवासी महिला को कोराना होने की सूचना पर स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर सैंपल लिया। 45 वर्षीय महिला चेन्नई में ईंट-भट्ठे पर रखकर मजदूरी करती थी। 16 मार्च को पति के साथ घर लौटी। उसे सर्दी-खासी, बुखार के साथ शरीर पर दाने निकल गए। लोगों ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। टीम ने गांव पहुंचकर जांच की। उधर, मुफ्तीगंज कस्बे में 30 वर्षीय युवक की भी कोरोना के संदेह पर जांच हुई। सैंपल लेने के बाद उसे मास्क लगाकर रहने और लोगों से मेलजोल न करते हुए दूर से ही बात करने की सलाह दी। उसका भी सैंपल लिया गया। ग्राम पसेवा निवासी 45 वर्षीय शख्स की भी जांच कर सैंपल लिया गया। वह कुछ दिन पूर्व ही गुरुग्राम से लौटा है। जांच करने वाली टीम में मुफ्तीगंज सीएचसी के अधीक्षक डॉ.श्रवण कुमार यादव, डॉ.शैलेंद्र कुमार, डॉ.पवन कुमार, डॉ.सौरभ कुमार आदि शामिल रहे।